जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और लू के प्रकोप ने स्कूली बच्चों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं. तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है. ऐसे हालात में अब स्कूलों के समय में बदलाव की मांग जोर पकड़ने लगी है. ‘शिक्षा सत्याग्रह’ के संस्थापक अंकित आनंद ने जनहित में सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन समय को तत्काल प्रभाव से बदलने की मांग उठाई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को टैग कर इस गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान आकर्षित किया है. अंकित आनंद का कहना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा के लिए त्वरित निर्णय लेना चाहिए. उन्होंने तर्क दिया कि जब अत्यधिक गर्मी के कारण अदालतों का समय बदलकर मॉर्निंग कर दिया गया है, तो छोटे बच्चों को दोपहर की तपती धूप में स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के साथ जोखिम भरा कदम है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने चेतावनी दी कि दोपहर में स्कूल संचालन से बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और लू लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है. ऐसे में बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए. अंकित आनंद ने प्रशासन से अपील की है कि स्कूलों का समय जल्द से जल्द प्रातःकालीन किया जाए, ताकि बच्चों को राहत मिल सके. इस मांग को अभिभावकों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है. उनका कहना है कि तेज गर्मी में दोपहर के समय घर लौटते बच्चों की हालत बिगड़ सकती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.














