आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में एक तेज रफ्तार पिकअप द्वारा खड़ी गाड़ी को जोरदार टक्कर मारने का मामला सामने आया है. इस घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पीड़ित को भी चोटें आई हैं. मिली जानकारी के अनुसार, इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री संचालित करने वाले सुजय दास ने बताया कि 13 अप्रैल की रात करीब 7:45 बजे पिकअप वाहन (नंबर जेएच05ई60527) तेज रफ्तार से आकर उनकी खड़ी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई. पीड़ित ने आशंका जताई है कि घटना साजिश के तहत भी हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित का आरोप है कि पिकअप चालक रोहित के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. घटना के समय वह अपनी फैक्ट्री से घर जाने के लिए निकल रहे थे. बाहर आकर देखा तो उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी. इस हादसे में उनकी जान भी जा सकती थी. सुजय दास ने बताया कि उन्होंने पिकअप मालिक दयानंद पाल को घटना की जानकारी दी. शुरुआत में मालिक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया. हादसे में पीड़ित के बाएं पैर में चोट आई है, जिससे वह दोपहिया वाहन का उपयोग भी नहीं कर पा रहे हैं. वहीं, क्षतिग्रस्त गाड़ी के मरम्मत में 3 से 4 महीने का समय लगने की बात सामने आई है, जिससे उनके रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी बढ़ गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें वाहन की पूरी क्षतिपूर्ति दिलाई जाए, दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और इलाज व आवागमन के लिए उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल, मामले को लेकर स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है.














