
धनबाद : धनबाद जिले के जोगता थाना क्षेत्र के कोलियरी इलाके जोगता साइडिंग में कांग्रेस और कांग्रेस की ही अपनी मजदूर संगठन इंटक मजदूर प्रकोष्ठ के लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इस झड़प में कई लोग घायल हो गये है. वहां एक दूसरे पर लोगों ने गोलियां चलायी जबकि बम धमाके भी किये. अनगनित राउंड गोलियां और बम चलाये गये, जिससे पूरा क्षेत्र दहल गया. इस घटना में इंटक मजदूर प्रकोष्ठ के जिला सचिव अरमान मल्लिक घायल हो गये है. यहां से पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि एक देशी पिस्तौल (कट्टा) बरामद किया है. पकड़े गये लोगों में बबलू अंसारी, जावेद अंसारी और संजीत नोनिया शामिल है. इस घटना में घायल अरमान मल्लिक के अलावा कोई भी घायल नहीं है.

बताया जाता है कि यह वारदात तब हुई जब कोलियरी के साइडिंग में मैनुअल लोडिंग शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा बंद आहूत की गयी थी. गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे कांग्रेस समर्थक जुलूस लेकर साइडिंग स्थल के पास पहुंच रहे थे. इसी बीच पुलिस ने उन लोगों को रोक दिया. वहीं, अंदर में इंटक मजदूर प्रकोष्ठ के लोग काम चालू कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे और अंदर में बंद का विरोध कर रहे थे. इसी बीच पुलिस की घेराबंदी को तोड़ते हुए कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं का दल अंदर घुस गये और लोडिंग स्थल पर बंद कराने लगे. इसका विरोध इंटक नेताओं ने किया. देखते ही देखते पूरा रणक्षेत्र के रुप में बदल गया. कांग्रेसी नेता और इंटक के नेताओं के बीच मारपीट शुरू हो गयी. अचानक से बम चलने लगे. बम के धमाके के बाद भगदड़ मच गयी. पुलिस को भी जान बचाकर भागना पड़ा. गोलियां भी चलायी जाने लगी. हवाई फायरिंग होते ही पूरी भीड़ दौड़ने लगी. इस दौरान भगदड़ जैसे हालात हो गये.

किसी तरह पुलिस ने लाठियां भांजकर मामले को संभाला, जिसके बाद तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जो लोग गोली चला रहे थे. उनके पास से पिस्तौल भी बरामाद किया गया. इसी बीच जोगता 11 नंबर में इंटक मजदूर प्रकोष्ठ के जिला सचिव अरमान मल्लिक को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे जख्मी हो गये. इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव है. पुलिस ने पूरे एरिया को सील कर दिया है और वीडियो फुटेज और फोटो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है. आपता बता दें कि इसी जोगता साइडिंग से टाटा स्टील की भेड़ाटांड और जामाडोबा वाशरी में कोयला भेजा जाता है. यहां से बीसीसीएल की महुदा और मुनीडीह से भी कोयला भेजा जाता है. बताया जाता है कि यहां मैनुअल काम बंद कर दिया गया है और महतो ट्रांस्पोर्ट, नरेश कुमार एंड कंपनी और पीटीपीएल जैसी कंपनियों को काम कर दिया गया है और आधुनिक तरीके से मशीनों के जरिये कोयला का उठाव कराया जा रहा है, जिसका विरोध कांग्रेस कर रही है.




