
रांची : झारखंड प्रदेश यूथ इंटक अध्यक्ष शैलेश पांडे संगठन के विस्तारीकरण के सम्बन्ध में रांची गए. रांची में उनका यूथ इंटक की प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्णिमा सिंह के नेतृत्व में रांची के यूथ इंटक के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया. श्रद्धानंद रोड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के समीप यूथ इंटक के नेताओं को संबोधित करते हुए शैलेश पांडेय ने कहा कि जिस तरह से केन्द्र सरकार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों पर अत्याचार कर रही है, उन्हें उनके उचित मूलभूत अधिकारों से वंचित करने का प्रयास कर रही है. यूथ इंटक जल्द ही एक प्रदेशस्तरीय विशाल यूनियन का गठन करेगा, जो कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों एवं सरकारी संस्थाओं के निजीकरण के खिलाफ 14 नम्बर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर पूरे प्रदेश में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने रांची में कई चेहरों को चिन्हित कर जल्द संगठन में उन्हें जगह देने की बात भी कही. साथ ही उन्हें मजदूर वर्ग के अधिकार की लड़ाई लड़ने हेतु टिप्स भी दिए. इंटक की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कहा कि अब केन्द्र सरकार की मजदूर विरोधी नितियों को खिलाफ सड़क पर उतरने का वक्त आ गया है, केन्द्र की मोदी सरकार मजदूरों के प्रति संवेदनहीन है और मजदूर वर्ग के बीच भय का माहौल क़ायम कर रही है. यूथ इंटक की प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्णिमा सिंह ने मजदूरों को एकजुट होने का आह्वान किया. रांची में प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय का स्वागत करने एवं मुलाकात करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्णिमा सिंह, किमी कुमारी, ओम प्रकाश व्यास, हर्षवर्धन , राज पांडे, लांगवति निराला, हरिश कुमार साव, शांति देवी, महेश सिंह, राकेश रंजन , प्रभा देवी, सिता देवी, रमेश चौरसिया, अजिताभ कुमार, शंकर मिश्र सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे.






