घाटशिला: मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मैदान में दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित घाटशिला एमएलए कप 2025 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन किया गया. यह टूर्नामेंट शहीद गणेश हांसदा, दिवंगत सांसद सुनील महतो और शहीद प्रभाकर महतो की स्मृति में खेला जा रहा है. कार्यक्रम की शुभारंभ शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जहां मुख्य अतिथि स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, विशिष्ट अतिथि बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने श्रद्धांजलि दी. इसके पश्चात टूर्नामेंट की औपचारिक शुरुआत हुई, जहां मंत्री रामदास सोरेन ने स्वयं बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया. इस मौके पर संबोधित करते हुए मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड को पीछे नहीं रहना चाहिए और इसे आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. मंत्री रामदास सोरेन ने आयोजन कमिटी का सराहना करते हुए कहा कि टूर्नामेंट न केवल शहीदों को सम्मान देने का एक माध्यम है, बल्कि स्थानीय युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच भी है. इस आयोजन से क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी. वहीं विधायक समीर मोहंती ने खेलों की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी खेलों से दूर होती जा रही है, जबकि खेल अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सिखाता है. उन्होंने युवाओं से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ खेलने की अपील की. टूर्नामेंट में पहला मुकाबला एचसीएल/आईसीसी और प्रशासनिक टीम के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक था. पहले मैच में प्रशासनिक टीम विजयी रही. (नीचे भी पढ़े)

आयोजन कमेटी के उपाध्यक्ष सह उप मुखिया रूपेश दुबे ने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल खेल का जश्न है, बल्कि शहीदों के प्रति सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक भी है. ऐसे आयोजनों से समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा. मौके पर घाटशिला एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर, कालीपदो गोराई, बाघराय मार्डी, कमिटी के अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल, उपाध्यक्ष रूपेश दूबे, सचिव शंभू जेना, नरेंद्र कुमार राय, जगदीश भकत, सोनाराम सोरेन, लव कुमार, कुश कुमार, शाहिद अंसारी, शकील अंसारी, अनिमेष जायसवाल, जसप्रीत संधू, मोहित उपाध्याय, रितेश गुरुम, आशीष बागती समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे.



