पलामू : झारखंड में मंगलवार से इंटर और मैट्रिक की परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं, जिसे लेकर पलामू के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में सोमवार को छापेमारी की गयी है. हालांकि छापेमारी में कुछ बरामद नहीं हुआ है, लेकिन एहतियात बरती गयी है. छापेमारी के दौरान मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में आधा दर्जन कोचिंग संस्थानों की तलाशी ली गयी. जांच अभियान के दौरान कोचिंग के कागजातों की जांच की गयी है और संबंधित जानकारी जुटाई गयी. मैट्रिक इंटर की परीक्षा को लेकर पूरे पलामू में निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
पलामू जिले में 76 कॉलेजों में मैट्रिक और 40 कॉलेजों में इंटर की परीक्षा होनी है, जिसमें 67,262 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. मैट्रिक के 34,665 और इंटर के विभिन्न संकायों में 32,597 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. मैट्रिक इंटर की परीक्षा को लेकर उड़नदस्ता सह गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़नदस्ता व गश्ती दल पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक बैठक कर कई बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
पलामू के उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने बताया कि मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है. उन्होंने कहा कि अगर किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई छात्र कदाचार करते पकड़ा गया तो संबंधित केंद्राधीक्षक पर भी कार्रवाई की जायेगी. इस संबंध में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की गयी. मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर विभिन्न कोचिंग संस्थानों में छापेमारी की गयी है तथा कई बिंदुओं पर जांच की गयी है.



