चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत की मुस्लिम बस्ती के लोगों ने मशरूम फैक्ट्री और राइस मिल से फैलते प्रदूषण से निजात दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क को जाम कर दिया. लोग तिरपाल बिछा कर सड़क पर बैठ गए. सूचना पाकर सीओ नवीन पूर्ति जाम स्थल पर पहुंचे और ग्रामीण को समझा बुझा कर जाम हटाया. करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही. ग्रामीणों का कहना था कि इस संबंध में विधायक, उपायुक्त , प्रदूषण विभाग, अनुमंडल पदाधिकारी,अंचल अधिकारी, बीडीओ, नपं के प्रशासक और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया था, परंतु अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों का कहना है कि चाकुलिया हाटचाली रोड स्थित दो फैक्ट्री से होने वाले प्रदूषण के कारण बस्ती के लोगों का जीवन नर्क के समान हो गया है. (नीचे भी पढ़े)

यहां स्थित मशरूम फैक्ट्री से दुर्गंध निकलती है इसकी वजह से लोगों को सांस लेने में कठिनाई होती है. सूचना पाकर अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति और थाना के एसआई अजित कुमार पहुंचे. अंचल अधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि मुझे आवेदन सात फरवरी को मिला है. जांच में समय लगता है और इस प्रक्रिया में 10-15 दिन लगेंगे. उन्होंने कहा कि वरीय पदाधिकारी को जांच का रिपोर्ट 26 फरवरी तक भेज दी जाएगी. इसके बाद उचित करवाई की जाएगी. इस मौके पर मो साजिद ने कहा कि फरवरी माह तक अगर समस्या का समाधान नहीं होता है तो एक मार्च को फिर से सड़क जाम किया जाएगा. मौके पर मो साजिद, हैदर अली, मो महबूब, मो मुजम्मिर, भरत दास, बापी राय, तपन राय, मो साजो, शेख बाबू, मो मोना समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित है.



