कांड्रा : अमलगम स्टील एंड पॉवर लिमिटेड और अमलगम स्टील प्राइवेट लिमिटेड की मुश्किलें बढ़ गई हैं. स्थानीय रैयत मनसाराम महतो ने कंपनी के प्रवेश मार्ग की खुदाई शुरू कर दी है, जिससे कंपनी में आने-जानेवाले वाहनों का प्रवेश और निकास बंद हो गया है. इस संबंध में मनसाराम महतो ने बताया कि खाता संख्या 3, प्लॉट संख्या 996 एवं 998 उनकी रैयती जमीन है. उक्त जमीन उन्होंने दो साल के लिए कंपनी को सशर्त लीज पर दी थी. लेकिन अब लीज की अवधि समाप्त होने के बाद अब जब वे उक्त जमीन पर कब्जा करने जाते हैं तो कंपनी के अधिकारी तेजपाल सिंह एवं सुरक्षा अधिकारी तारकनाथ तिवारी उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

मनसाराम महतो ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ कई बार पत्राचार भी किया, किन्तु उससे कोई निष्कर्ष नहीं निकला. अंत में विगत 21 मार्च को उन्होंने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को सूचित कर अपनी पुश्तैनी रैयती जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कराया है. इधर कंपनी का मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद मुर्मू मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर बीच का रास्ता निकालने का अनुरोध किया, मगर मनसाराम महतो अपनी मांग पर अड़े रहे और निर्माण कार्य जारी रखा. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे मनसाराम महतो ने बताया कि जबतक प्रबंधन तेजपाल सिंह और तारकनाथ तिवारी को नहीं हटाता है, तबतक वार्ता नहीं होगी. वहीं, इस मामले को लेकर कंपनी के अधिकारी तेजपाल सिंह ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से कंपनी चल रही है. इससे तीन हजार लोगों को रोजगार मिल रहा है. मनसाराम महतो को लीज के अनुसार पैसे का भुगतान किया जाता रहा है. अभी भी उनका चेक बनकर तैयार है, मगर वे परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं. इससे पूर्व उनके परिवार के सदस्यों को नौकरी दी गई थी, मगर वह किसी के प्रभाव में आकर कंपनी के हजारों लोगों का रोजगार छीनना चाह रहे हैं. ऐसे में प्रशासन को सहयोग करना होगा अन्यथा हजारों मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे.




