जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में बागबेड़ा ग्रामीण वृहत् जलापूर्ति योजना के कार्य की मंथर गति, गोविन्दपुर जलापूर्ति योजना एवं परसुडीह जलापूर्ति के विषय को लेकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जमशेदपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार को दो मांगपत्र सौपा. इनमें जिलाअध्यक्ष ने कार्यपालक अभियंता से जानना चाहा कि विभाग की ओर से उपर्युक्त क्षेत्रों में पानी पहुंचाने का काम कब पूरा करेगा. इस पर कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने पार्टी के प्रतिनिधि मंडल को एक माह में आंशिक एवं दो माह में पांचों पानी टंकियों से जलापूर्ति आरंभ हो जाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि इस दौरान बागबेड़ा ग्रामीण वृहत् जलापूर्ति योजना के तहत बागबेड़ा, किताडीह, हरहरगुट्टू, करनडीह, खासमहाल आदि क्षेत्रों में जल उपलब्ध करा दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

जिलाध्यक्ष श्री दुबे ने जब उन्हें यह बताते हुए कि लोगों में चर्चा है कि विभाग के पास पैसे की कमी है, जानना चाहि कि इस पर उनको क्या कहना है, तो श्री कुमार ने आश्वासन दिया कि विभाग के पास पैसे की कोई कमी नहीं है. विभाग योजना को पूरा करने के लिए हर स्थिति में तत्पर है. कुछ ट्रेंचिंग का कार्य बचा है. रेल लाइन के नीचे कुछ मीटर कार्य करने में थोड़ी परेशानी हो रही है, जिसे कुछ दिनों के अंदर पूरा कर लिया जाएगा. यह कार्य होते ही क्षेत्र के लोगों को पानी पहुंचाने का काम भी पूरा हो जाएगा. श्री कुमार ने कहा कि सपडा में इनटेकवेल का कार्य पूरा हो गया है. ट्रांसफॉर्मर लगाकर सर्वप्रथम मोटर को चालू करने की प्रक्रिया चल रही है, रॉ वॉटर लाने का काम तेजी से पूरा करने के लिए विभाग के अभियंता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और संवेदक को हर हाल में समय रहते कार्य करने के लिए कहा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, प्रदेश सचिव देबू चटर्जी, राकेश कुमार तिवारी, केके शुक्ल, कमलेश कुमार पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, शशि कुमार सिन्हा, अवधेश कुमार सिंह, संजय सिंह आजाद, महामंत्री राजा ओझा, पप्पू शुक्ला, ज्योति मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव, मुन्ना मिश्रा, अनिरुद्ध कुमार पुरी, नारायण डे, अजय पाण्डेय, सनी सिंह, के.डी. मुंडा, सुदर्शन तिवारी, अजय शर्मा, अजय महतो, धर्मा राव, शशि कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.



