चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के शिक्षक और कर्मचारियों ने बुधवार को अभ्यास मध्य विद्यालय परिसर से झारखंड ऑफिसर्स टीचर एंड इम्प्लॉईज फेडरेशन के बैनर तले ध्यानाकर्षण रैली निकाली. रैली में शामिल शिक्षक नारे लगाते चल रहे थे. अभ्यास मवि से निकली रैली मुख्य मार्ग से होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंची, जहां एक प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ आरती मुंडा की अनुपस्थिति में प्रधान लिपिक को राज्य के मुख्य सचिव, सीएम के अपर मुख्य सचिव के नाम 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
मांग पत्र में राज्य के अन्य कर्मचारियों की भांति शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों को भी एनएसीपी का लाभ देने, राज्य कर्मियों की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाते हुए 62 वर्ष करने, केंद्रीय कर्मियों की भांति राज्य कर्मियों को भी शिशु शिक्षण भत्ता का लाभ देने, राज्य कर्मियों के एनपीएस में जमा राशि वापस लाने हेतु कदम उठाने, बड़े शहरों की भांति छोटे शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पदस्थापित राज्य कर्मियों को भी परिवहन भत्ता दिलाने, सभी विभागों के लिपिक संवर्ग के लिए एक समान सेवा नियमावली लागू करने समेत कई अन्य मांगें शामिल हैं. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिंह, युधिष्ठिर प्रसाद, विलियम टोप्पो, कोषाध्यक्ष कृष्णपद महतो, एडविन कुजूर, चन्द्रशेखर तिवारी, प्राण किशोर महतो, रामकृष्ण घोष, जगदीश चन्द्र महतो, दयामय मंडल समेत अन्य लोग शामिल रहे.














