सरायकेला: झारखंड सरकार ने सोमवार को सूबे के बीस जिलों के उपायुक्तों को बदला है. इसमें 16 जिलों के उपायुक्त ऐसे में जो पहली बार डीसी बने हैं. ऐसे ही एक आइएएस अधिकारी नीतीश कुमार सिंह हैं जो सरायकेला- खरसावां जिले के 34वें उपायुक्त के रूप में मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण किया है. इससे पूर्व वे खूंटी के डीडीसी थे. उन्होंने निवर्तमान डीसी रविशंकर शुक्ला से पदभार ग्रहण किया. मालूम हो कि श्री सिंह 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. यूपीएससी की परीक्षा में उन्हें 23वां स्थान प्राप्त हुआ था. वे आइआइटी धनबाद से डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास की और आइएएस बने. (नीचे भी पढ़ें)
पदभार ग्रहण करने के बाद नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतरना उनकी प्राथमिकता होगी. समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों तक विकास की योजनाएं कैसे पहुंचे इसको लिए सभी के साथ सामंजस्य स्थापित कर कार्य किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि जनता के साथ सीधा संवाद कैसे हो इसके लिए वे नई स्ट्रेटजी के साथ काम करेंगे. मौके पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, डीडीसी आशीष अग्रवाल एवं सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अविनाश कुमार भी मौजूद रहे. उसके बाद नव नियुक्त उपायुक्त ने तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ परिचय किया.














