सरायकेला: विश्व जनसंख्या दिवस पर सदर अस्पताल सरायकेला में परिवार स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, खरसावां विधायक प्रतिनिधि अनुप सिंहदेव ने किया. उपायुक्त ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का प्रारंभ 11 जुलाई 1989 से किया गया. जिसका मुख्य उद्देश्य एक दिन पूरा विश्व की स्थायी जनसंख्या को प्राप्त कर सकें. उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या के विरुद्ध प्रत्येक शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाकर जनसंख्या विस्फोट के कारण हो रहे परेशानी से आमजनों को अवगत कराएं. परिवार को सीमित रखने से परिवार और समाज का तेजी से विकास संभव है.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि समृद्ध समाज के लिए परिवार का सीमित आकार जरूरी है. वहीं डॉ जुझार मांझी ने कहा कि परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत स्थायी और अस्थायी विधि उपलब्ध है. मेला के माध्यम से विशेष जानकारी ली जा सकती है. उन्होंने कहा कि अपनी रुचि के अनुसार उन स्थायी और अस्थायी विधियों का उपयोग करते हुए जनसंख्या नियंत्रण में अपना योगदान दे सकते हैं. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि छोटा परिवार सुख का आधार होता है. छोटा परिवार के होने से बच्चों का लालन- पालन, शिक्षा- दीक्षा, खान- पान की सुविधा होती है. इसके लिए परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने की जरूरत है. इस कार्य में एएनएम व सहिया की महत्वपूर्ण भूमिका है.(नीचे भी पढ़े)
सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने कहा कि बेटा- बेटी में फर्क नहीं करना चाहिए क्योंकि बेटियों के जन्म से लेकर शादी तक सरकार द्वारा व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि बड़ा परिवार के होने से बच्चों का पठन- पाठन, रहन- सहन व परवरिश सही तरीके से नहीं हो पाता है. इसके लिए जरुरी है कि परिवार नियोजन के साधनों का इस्तेमाल किया जाए. इस अभियान को सफल बनाने में केवल स्वास्थ्य विभाग नहीं, वरन सभी लोगों की सहभागिता जरुरी है. मेला 30 जुलाई तक चलेगा. सहिया और एएनएम दीदी के बीच बेहतर कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.



