चाकुलिया : उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने शुक्रवार को चाकुलिया प्रखंड के सोनाहातु और कालापाथर ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम एवं अबुआ आवास योजनाओं के तहत हुए निर्माण का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण योजनाओं को तय समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के पश्चात उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय सभागार में एक बैठक की, जिसमें उन्होंने अबुआ आवास योजना और मनरेगा योजना की प्रगति की समीक्षा की. अबुआ आवास योजना की कार्य-प्रगति की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान होने के पश्चात 60 या उससे अधिक दिनों से लंबित प्लिंथ, लिंटर एवं पूर्ण आवास का जियो टैग जल्द पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे लाभुक, जिन्होंने पहली किस्त की राशि लेकर प्लिंथ तक नहीं बना सके हैं, उनके घरों को चिह्नित किये जाने की जानकारी देते हुए सभी पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सेवकों को ऐसे 20-20 लाभुकों की जिम्मेदारी सौंपते हुए उनसे तीन दिन के अंदर प्लिंथ लेवल तक आवास का निर्माण पूरा कराने का निदेश दिया. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, एपीओ मनरेगा, जिला समन्वयक आवास, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्राम रोजगार सेवक व अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.



