जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत गोलपहाड़ी जैन मंदिर के पास एक घर में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवरात बरामद किए गए हैं. मालूम हो कि वादिनी विसाहिन बाई के लिखित आवेदन पर परसुडीह थाना में कांड संख्या 95/2025 दिनांक 29 जुलाई 2025 को अज्ञात चोर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 305/331(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया. (नीचे भी पढ़ें)
अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर परसुडीह ब्लॉक के पीछे से माधुरी सोबर नामक महिला को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसके पास से सोना और चांदी जैसे आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें मंगलसूत्र, चेन, टॉप्स, पायल, विछिया, बच्चों की चूड़ी, लक्ष्मी- गणेश की मूर्ति, सिक्के व अन्य सामग्रियां शामिल हैं. गिरफ्तारी के बाद महिला को चिकित्सीय जांच के उपरांत जमशेदपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. पुलिस के अनुसार अभियुक्त का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है.




