सरायकेला : भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश पर मंगलवार को देशभर में प्रतिबंधित मादक पदार्थों का विनष्टीकरण अभियान चलाया गया. जिसका मॉनिटरिंग सीधे गृह मंत्रालय द्वारा किया गया. इसी कड़ी में सरायकेला के सिनी मोड़ स्थित आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में झारखंड के अलग- अलग जिलों से पिछले 7 महीने के दौरान बरामद किए गए करीब 2800 किलो मादक पदार्थ विनष्ट किए गए. झारखंड नारकोटिक्स कंट्रोल बोर्ड के जोनल डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने बताया कि इस विनष्टीकरण अभियान के दौरान 300 किलो गांजा, करीब करीब ढाई सौ किलो डोडा एवं अन्य मादक पदार्थो को विनष्ट किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही गृह मंत्रालय के निर्देश पर 25 किलो अफीम को ट्रीटमेंट कर राजकीय अफीम फैक्ट्री गाजीपुर भेज दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सरकार के सभी गाइडलाइन का पालन किया गया. इस मौके पर सरायकेला एसपी मुकेश कुमार लुणायत, सिनी ओपी प्रभारी राजेंद्र कुमार, कंपनी के प्लांट हेड आशीष सिंह के साथ झारखंड नारकोटिक्स कंट्रोल बोर्ड के तमाम पदाधिकारी मौजूद. मालूम हो कि आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड झारखंड का एकमात्र बायो एवं इंडस्ट्रियल वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट है, जिसमें तमाम सरकारी मान्यताओं का पालन किया जाता है. यहां से निकलने वाले वेस्ट का भी बेहतर प्रबंधन किया जाता है. यह दूसरा अवसर है जब झारखंड के सभी जिलों से बरामद हुए ड्रग्स का यहां विनष्टीकरण किया गया. इससे पहले जनवरी महीने में यहां ड्रग्स विनष्टीकरण किया गया था.














