कांड्रा : कांड्रा रेलवे स्टेशन पर आगामी 01 सितंबर से दो एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा. रेलवे ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है. रेलवे की अधिसूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 18615 हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 18616 हावड़ा-हटिया (क्रिया योगा एक्सप्रेस) अब कांड्रा स्टेशन पर दोनों ओर से ठहरेंगी. इसी तरह ट्रेन संख्या 13287 आरा से दुर्ग जाने वाली दक्षिण बिहार एक्सप्रेस और 13288 दुर्ग से आरा जाने वाली दक्षिण बिहार एक्सप्रेस का भी ठहराव कांड्रा स्टेशन पर होगा. कोरोना काल के बाद इन ट्रेनों सहित कांड्रा स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को समाप्त कर दिया गया था. इसके बाद स्थानीय लोगों और जन प्रतिनिधियों ने आंदोलन शुरू किया. धरना, प्रदर्शन और लगातार ज्ञापन के बाद आखिरकार रेलवे को झुकना पड़ा और पांच वर्ष के लंबे इंतजार के बाद दो ट्रेनों के ठहराव की पुनर्बहाली हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि लोगों की मांग पांच एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर थी जिनमें से दो को मंजूरी मिली है. हालांकि टाटा- कटिहार एक्सप्रेस, टाटा- जम्मू तवी एक्सप्रेस और टाटा- धनबाद स्वर्णरेखा एक्सप्रेस का ठहराव अभी भी लंबित है. इसके लिए आंदोलन जारी रहेगा. मालूम हो कि पिछले दिनों चक्रधरपुर डीआरएम कार्यालय में आयोजित डीआरयूसीसी की बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. उस पर डीआरएम तरुण हुरिया ने सकारात्मक आश्वासन दिया था. अब मंजूरी मिलने के बाद जन प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेल प्रशासन का आभार जताया है और लोगों को बधाई दी है.



