बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के पाटबेड़ा स्थित मॉडल विद्यालय परिसर में मंगलवार को 10वीं और 12वीं के कला व विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक समीर मोहंती उपस्थित थे. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपेश मिश्रा ने पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक श्री मोहंती का स्वागत किया.(नीचे भी पढ़े)
वहीं कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत से हुई, जिसने समारोह के वातावरण को ऊर्जा से भर दिया. इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मोहंती ने उनके कठिन परिश्रम की सराहना की और जीवन में शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से ही अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, क्योंकि एक शिक्षित युवा ही आगे चलकर एक सशक्त और प्रगतिशील समाज की नींव रख सकता है. उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखते रहने और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया. (नीचे भी पढ़े)
सम्मान समारोह में अतिथियों ने सफल छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धि के लिए उपहार देकर पुरस्कृत किया गया और विद्यार्थियों के उज्वल भविष्य की कामना की. इस मौके पर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, मिंटू पाल, रिंकू माईति, अरुण बारिक, यदूपति राणा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित थे.








