गालूडीह : गालूडीह के महुलिया के पास लगा ट्रांसफॉर्मर पिछले तीन दिनों से खराब पड़ा है, जिससे इस भीषण गर्मी में क्षेत्र के उपभोक्ता तीन दिन से अंधकार एवं गर्मी में जीने को विवश है. समाचार लिखे जाने तक ट्रांसफॉर्मर ठीक कराने की दिशा में बिजली विभाग ने कोई ठोस पहल नहीं की है. बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है. मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों की कहीं किसी से बात नहीं हो पा रही है. वैसे क्षेत्र में स्थापित बिजली आधारित व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. लोगों ने विभाग के पदाधिकारियों से खराब ट्रांसफॉर्मर की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके. बिजली नहीं रहने से पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की क्षमता कम है. ज्यादा लोड होने के कारण ट्रांसफॉर्मर बार-बार खराब हो रहा है.







