जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल के गायनिक विभाग के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के बाहर गुरुवार सुबह हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. मरीज के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर पर दुर्व्यवहार और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया. मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:15 बजे भुईयांडीह ग्वाला बस्ती निवासी एक मरीज का परिजन गायनिक ओटी के बाहर मौजूद था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान महिला डॉक्टर ने उससे पूछताछ की कि वह ओटी में झांकने क्यों गया था. परिजन का कहना है कि वह ओटी के अंदर नहीं गया था, बल्कि बाहर स्थित केबिन के पास बातचीत कर रहा था. बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर महिला डॉक्टर ने युवक को थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद परिजनों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश बना रहा और उन्होंने मामले की शिकायत करने की बात कही. हालांकि देर शाम तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. सूत्रों के अनुसार, संबंधित महिला डॉक्टर रात की ड्यूटी पर थीं और घटना के कुछ समय बाद अस्पताल से चली गईं. वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया है. फिलहाल घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया.




