गोविंदपुर/धनबाद : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद, गोविंदपुर का संगठनात्मक दौरा किया. दौरे के क्रम में युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री संजीव कुमार अग्रवाल एवं वरिष्ठ समाजसेवी केदारनाथ मित्तल से शिष्टाचार भेंट कर संगठन के विस्तार एवं भावी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक का प्रमुख विषय देश भर में प्रदेश स्तर पर युवा इकाइयों का गठन एवं संगठन को मजबूत बनाना रहा. विचार-विमर्श के उपरांत यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि युवा इकाई में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्षों का मनोनयन किया जाएगा. प्रत्येक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को 4–5 राज्यों का प्रभार सौंपा जाएगा, जिससे संगठन का कार्य अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके. प्रभारी राष्ट्रीय उपाध्यक्षों का दायित्व होगा कि वे अपने अधीन प्रदेशों में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के संगठनात्मक विस्तार को गति दें, नए सदस्यों को जोड़ें, प्रदेश एवं जिला इकाइयों में योग्य अध्यक्षों के मनोनयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं तथा उन्हें अपनी कार्यकारिणी एवं समितियों का गठन करने के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शन प्रदान करें. साथ ही जिला, नगर एवं ग्राम स्तर तक संगठन को सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने के लिए नियमित संपर्क एवं समन्वय स्थापित करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी सक्रिय इकाइयों और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है. युवा नेतृत्व को अधिक अवसर देकर संगठन को नई ऊर्जा एवं नई दिशा प्रदान की जाएगी, जिससे देश भर में अग्रवाल समाज का संगठन और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बन सके. युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद लाल अग्रवाल ने कहा कि नई कार्ययोजना के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए उन्हें सामाजिक, संगठनात्मक एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में संदीप मुरारका तथा अजय कुमार भालोटिया भी शामिल रहे.







