जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड समेत शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार, महिलाओं के साथ चेन छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है. भाजपा ने बताया कि यह बंद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं है. यह शहर में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण की पुनर्स्थापना के लिए बुलाया गया है. गुरुवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, प्रशासन की निष्क्रियता और अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए शहरवासियों से बंद को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की. संवाददाता सम्मेलन में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे. संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कहा कि बिष्टुपुर में पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

यह एक युवक की हत्या नहीं थी बल्कि जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था की हत्या है. इस घटना ने प्रशासन की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण की क्षमता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं. आज शहर का हर नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित और भयभीत है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर बंद को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी दल विशेष का नहीं है. यह शहर की अस्मिता, नागरिकों की सुरक्षा और अपराधमुक्त जमशेदपुर के लिए जनता की सामूहिक आवाज है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद के दौरान अस्पताल, एम्बुलेंस, दवा दुकानें, दूध की दुकानें और अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा. कहा कि भाजपा का यह आंदोलन जनहित, शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की बहाली के लिए है. इसके लिए सभी लोगों से आगे आकर समर्थन देने की बात कही. जमशेदपुर पूर्वी के विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि बीते कुछ महीनों में जमशेदपुर अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है. (नीचे भी पढ़ें)
हत्या, चापड़बाजी, छिनतई, चोरी, नशे का कारोबार और ट्रैफिक जांच के नाम पर आम नागरिकों के भयादोहन की घटनाओं ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है. अपराधियों में पुलिस प्रशासन का कोई भय नहीं बचा है और वे खुलेआम कानून को चुनौती देकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. ऐसे में जनता का भरोसा सरकार और प्रशासन दोनों से उठता जा रहा है. यदि समय रहते हालात नहीं सुधरे तो शहरवासियों को ऐसी घटनाओं का फिरसे शिकार होना पड़ सकता है. इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी चापड़बाजी की घटना में कोई कमी नहीं आयी है. इसे रोकने के लिए व्यापक जनजागरण और जनआंदोलन की आवश्यकता है. इसी क्रम में, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है. उन्होंने कहा कि सुरक्षित भविष्य के लिए शहरवासी सड़क पर उतरकर इसे सफल करेंगे. भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा शोक संतप्त परिवार की न्यायोचित मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने के साथ-साथ शहर में भयमुक्त वातावरण स्थापित करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि 3 जुलाई का जमशेदपुर बंद शहर में शांति बहाल करने और सरकार और प्रशासन को जनता के आक्रोश का संदेश देने का जनआंदोलन होगा. उन्होंने शहर के सभी व्यापारिक संगठनों, उद्योगों, श्रमिक एवं कर्मचारी यूनियनों, ट्रांसपोर्ट संगठनों, ऑटो एवं बस यूनियनों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं आम नागरिकों से बंद को पूर्ण समर्थन देकर ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की. कहा कि पार्टी स्तर से सभी संगठनों, संस्थानों को विशेष रूप से आग्रह किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि लोग बाजार, प्रतिष्ठान, परिवहन सेवाएं एवं अन्य संस्थान स्वेच्छा से बंद रखकर शहर की सुरक्षा और शांति के लिए एकजुटता का परिचय देंगे. वहीं, उन्होंने कहा कि शहरवासी स्वस्फूर्त बंद के समर्थन में हैं. उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से शांतिपूर्ण बंदी की अपील की। उन्होंने बताया कि बंद के दौरान आपातकालीन सेवाओं को इससे दूर रखा जाएगा. उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार, 2 जुलाई को संध्याकाल में हिमांशु सिंह हत्याकांड एवं शहर में बढ़ते अपराधों के विरोध में जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों में भाजपा कार्यकर्ता आम नागरिकों के साथ आक्रोशपूर्ण मशाल जुलूस निकालेंगे और अपराध व प्रशासनिक विफलता के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे.






