जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी विक्रम हो (25) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2026 को टेल्को घड़ी पार्क के पास दो बदमाशों ने स्प्लेंडर बाइक (जेएच05डीसी1914) से आकर एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष गश्ती और छापेमारी अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान रात में हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास जांच के दौरान एक स्प्लेंडर बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोविंदपुर के गरूड़बासा निवासी विक्रम हो बताया. उसकी तलाशी में दो टुकड़ों में टूटी हुई पीले धातु (सोने जैसी) की चेन और चोरी की स्प्लेंडर बाइक (जेएच05डीसी1914) बरामद हुई. (नीचे भी पढ़ें)

पूछताछ में विक्रम हो ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर टेल्को घड़ी पार्क के पास महिला से चेन छीनी थी. उसने यह भी बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गयी थी. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.







