जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना पुलिस ने नकली सिगरेट के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद की है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोदाम के तीन संचालक फरार हैं. जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे छापेमारी की गयी. इस दौरान ग्राहक बनकर पुलिस ने स्कूटी से नकली सिगरेट की सप्लाई करने पहुंचे दो युवकों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और स्कूटी (जेएच05इए-3413) बरामद की गयी. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित गोदाम से सिगरेट लाकर बाजार की दुकानों में सप्लाई करते थे. इसके बाद पुलिस ने कपाली के इस्लामनगर स्थित गोदाम पर छापेमारी की, जहां से 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए. जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत 39 लाख रुपये बताई गयी है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी (19) और एहतेशाम शमीम (22) के रूप में हुई है. वहीं गोदाम के संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एसके परवेज कार्रवाई के बाद से फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.







