जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के समीप 27 जून की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में गठित विशेष अनुसंधान दल को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में डीडी बार के मालिक नीरज सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान पहले ही इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है. अब पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले के खाटू श्याम से डीडी बार के मालिक नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीडी बार के मालिक नीरज सिंह, मयूरभंज निवासी 30 वर्षीय सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू तथा 27 वर्षीय राजेश मंडल के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, नीरज सिंह के विरुद्ध पहले से कदमा थाना में वर्ष 2022 का एक आपराधिक मामला भी दर्ज है. पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।





