जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना परिसर में सोमवार को एएसपी ऋषभ त्रिवेदी की अध्यक्षता में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई. बैठक में शांति समिति के सदस्यों समेत स्थानीय लोग भी शामिल हुए. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने और आम नागरिकों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में यह पहल की गई है. बैठक में अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और अपराध होने से पहले उसे रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है. यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अपराधियों से जुड़ी सूचना लोगों के पास हो तो उसे तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं. (नीचे भी पढ़ें)
समय पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर सकती है, जबकि सूचना के अभाव में कार्रवाई में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. एएसपी ने स्पष्ट किया कि ब्राउन शुगर के कारोबार, अड्डेबाजी, अन्य अवैध गतिविधियों तथा रात 11 बजे के बाद नियमों का उल्लंघन कर दुकानें खुली रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से पुलिस के साथ मिलकर काम करने और अपराध रोकने में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि समय पर सूचना मिलने से पुलिसिंग और अधिक प्रभावी एवं स्मार्ट बनेगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा.







