जमशेदपुर : बबलू चौबे की रिपोर्ट
नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए सरायकेला खरसावां जिले की आदित्यपुर पुलिस ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाया. ड्रग्स मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने राम मढ़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती और इमली चौक समेत कई इलाकों में सघन छापेमारी की. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों की तलाशी लेने के साथ कई लोगों से पूछताछ भी की. ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस ने सड़क पर हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस ने क्षेत्र के पार्क, चौक-चौराहों तथा देसी और विदेशी शराब दुकानों के आसपास विशेष अभियान चलाया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को मुस्लिम बस्ती से सफलता मिली है. इस दौरान भारी मात्रा में नकद बरामद किया गया है. वहीं कईयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

बाइक से गश्त करते हुए पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध लोगों पर नजर रखी और कई युवकों से पूछताछ की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के साथ अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना है. (नीचे भी पढ़ें)

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. संवेदनशील इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. अब देखना होगा कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद फरार आरोपी कब तक कानून की गिरफ्त से बच पाते हैं.




