रांची : झारखण्ड दौरे पर आए फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता जावेद पठान ने झारखण्ड विधानसभा भ्रमण किया. विधानसभा अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट की. अध्यक्ष से हुई औपचारिक भेंटवार्ता के दौरान जावेद पठान ने अपने अभिनय सफर के अनुभव साझा किए. इस अवसर पर अध्यक्ष ने जावेद पठान को शॉल तथा स्मृति-चिह्न भेंट की. इस अवसर पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन भी उपस्थित थे. मूल रूप से झारखण्ड के धनबाद निवासी जावेद पठान के पिता बीसीसीएल में कार्यरत थे. उन्होंने हिंदी फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों, संगीत एलबमों, विज्ञापनों एवं वेब सीरीज़ में अभिनय कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. फिल्मी दुनिया और देश में झारखण्ड का नाम गौरवान्वित किया है. उन्होंने बताया कि धारावाहिक “देवों के देव महादेव” से उन्हें व्यापक पहचान मिली तथा “जोधा अकबर” ने उन्हें टेलीविजन उद्योग में एक स्थापित अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई. अब तक वे 2 फिल्मों, 18 टेलीविजन धारावाहिकों, 3 संगीत एलबम (ज़ी म्यूज़िक), उनकी दो नई फिल्में शीघ्र ही प्रदर्शित होने वाली हैं. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने “हॉरर लव स्टोरी” (2021), “कास्ट ऑफ लव” (2022) एवं “एनआरआइ वाइव्स” (2023) जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है तथा लोकप्रिय धारावाहिक “विघ्नहर्ता गणेश” में भी अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया है. जावेद पठान ने कहा कि झारखण्ड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता एवं फिल्मांकन के लिए उपलब्ध आकर्षक स्थलों से समृद्ध राज्य है. उन्होंने विशेष रूप से धनबाद, पारसनाथ एवं तोपचांची क्षेत्र की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन, निवेश एवं फिल्म निर्माण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने झारखण्ड सरकार द्वारा फिल्म संस्थान स्थापित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के युवाओं के लिए फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग में नए अवसरों के द्वार खुलेंगे. अध्यक्ष ने कहा कि जावेद पठान अपने कला और पहचान के माध्यम से झारखंड का नाम रौशन किया है. झारखंड के कला, संस्कृति, प्राकृतिक धरोहर एवं क्षेत्रीय प्रतिभाओं को फिल्म माध्यम से व्यापक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलायी है. अध्यक्ष ने उनके आने वाली फ़िल्म और धारावाहिकों के लिये उन्हें शुभकामनाएं भी दी.







