रांची / जमशेदपुर : सावन की दूसरी सोमवारी पर जमशेदपुर व आस-पास के इलाकों में जमकर बारिश हुई. सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और मूसलाधार बारिश होती रही. इस दौरान मौसम तो जरूर सुहावना हो गया लेकिन लोग जलजमाव से परेशान रहे. बारिश के कारण बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी, मानगो और जुगसलाई के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं शिव मंदिरों में सोमवारी को लेकर उमड़ी भीड़ भी बारिश की वजह से कुछ देर के लिए रुकी रही. दूसरी सोमवारी पर सबसे अधिक बारिश हजारीबाग में 16.5 मिमी हुई. वही जमशेदपुर में 7.6 मिमी, रांची में 2.6 मिमी, बोकारो में 4.6 मिमी, खूंटी में 16.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई. (नीचे भी पढ़ें)

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए जिले में ऑरेज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण अगले 2 दिन तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. (नीचे भी पढ़ें)
इन जिलों में अगले दो दिन ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भारी बारिश का अलर्ट है. वही गढ़वा, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले में हल्के से मध्यम दर्ज की बारिश का अनुमान है.




