पोटका : पोटका प्रखंड की गंगाडीह पंचायत के मुखिया कार्तिक मुर्मू के नाम पर कथित रूप से फर्जी वंशावली तैयार कर जमीन बिक्री किए जाने के मामले में शिकायत के नौ दिन बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं होने से पोटका मुखिया संघ में नाराजगी है. संघ ने चेतावनी दी है कि 48 घंटे के अंदर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया तो वरीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर थाना प्रभारी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा. इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को मुखिया संघ का एक प्रतिनिधिमंडल कोवाली थाना पहुंचा और थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव से मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली. संघ के प्रतिनिधियों के अनुसार, पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनमें आक्रोश है. प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह पोटका पंचायत की मुखिया पानो सरदार ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी मामले में टालमटोल की नीति अपना रहे हैं. उन्होंने कहा कि शिकायत कर्ता, गंगाडीह पंचायत के मुखिया कार्तिक मुर्मू ने विगत 13 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना में शिकायत दी थी, लेकिन नौ दिन बीत जाने के बाद भी मामला दर्ज नहीं किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पानो सरदार ने कहा कि मुखिया संघ इस मामले को लेकर तीन बार थाना जाकर थाना प्रभारी से मिल चुका है, लेकिन अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला. उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी की ओर से दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी फैसला कराने की बात कही जा रही है. पानो सरदार ने कहा कि थाना में आवेदन कार्रवाई के लिए दिया जाता है, पंचायत स्तर पर फैसला कराने के लिए नहीं. मुखिया संघ ने निर्णय लिया है कि दो दिनों के अंदर प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो सोमवार को पोटका प्रखंड मुखिया संघ का प्रतिनिधिमंडल वरीय आरक्षी अधीक्षक एवं आरक्षी अधीक्षक ग्रामीण से मिलकर ज्ञापन सौंप कर मामले में कार्रवाई की मांग करेगा. प्रतिनिधिमंडल में जिला मुखिया संघ की अध्यक्ष अनिता मुर्मू, पोटका मुखिया संघ की अध्यक्ष पानो सरदार, उपाध्यक्ष बाघराय मुर्मू, सरस्वती मुर्मू, देवी कुमारी भूमिज, चंद्रभूषण सरदार, दुखनी सरदार, श्रीराम सोरेन, आशा सरदार, संगीता सरदार, असित सरदार, सीमती सरदार, पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला, सुबोध सरदार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, हितेश भगत, त्रिलोचन टुडू, रमेश सोरेन आदि शामिल थे.




