चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा विद्यालय की वार्षिक पत्रिका‘पल्लव’का विमोचन किया गया. समारोह में प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा, शिक्षक शिक्षिका, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.कार्यक्रम का शुभारंभ तीन बार ओम् के उच्चारण एवं गायत्री मंत्र के सामूहिक जाप से हुआ. इसके पश्चात् मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत् उद्घाटन किया गया. स्वागत गीत एवं स्वागत संबोधन के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया. मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए मेहनत, अनुशासन, संस्कार और निरंतर सीखने की भावना आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का सदुपयोग करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने डीएवी कपिलदेव में बिताए गए अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए उनके इतिहास के शिक्षक रहे ओपी मिश्रा का जिक्र किया जो वर्तमान में यहां प्राचार्य के रूप में कार्यरत है. उन्होंने कहा कि मिश्रा सर ने इतिहास की अवधारणाओं को बहुत ही सरल और रोचक ढंग से स्कूली जीवन में ही स्पष्ट कर दिया था. उन्होंने आईआईटी के बाद मेरी यूपीएससी की तैयारी में काफी मदद की. साथ ही साथ उन्होंने विद्यालय के अन्य शिक्षकों के योगदान को भी याद किया. उन्होंने कथा -कहानियों के माध्यम से बच्चों को जीवन से संबंधित मूल्यवान संदेश दिया. उन्होंने सफलता के लिए कड़ी मेहनत को अंतिम विकल्प बताया. उन्होंने डीएवी को धर्म,आनंद और विकास से जोड़ते हुए डीएवी विद्यालयों की संस्कृति की सराहना की. इस अवसर पर उपायुक्त की धर्मपत्नी स्वाति ने भी अपने विचार रखते हुए विद्यालय के दिनों की स्मृतियां साझा कीं.इसके पश्चात् विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया गया. कक्षा दसवीं में अर्णव कुमार सिंह (97.2%), अक्श कुमार चेजारा (97%), आयुष सिन्हा (96.2%) एवं आर्णवी प्रधान (96.2%) तथा कक्षा 12 में अश्विनी कुमार (विज्ञान–91.6%), सिद्धि अग्रवाल (वाणिज्य–93.4%), अभिजीत नंदी (93.2%) एवं ऋषिका केडिया (90%) को सम्मानित किया गया.विद्यालय के लिए यह विशेष गौरव का विषय रहा कि कक्षा दसवीं से 24 तथा कक्षा बारहवीं से 4, कुल 28 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए. इन सभी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और समारोह को भावपूर्ण बना दिया.समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘पल्लव’ का विमोचन रहा. उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालय परिवार एवं अतिथियों की उपस्थिति में पत्रिका का लोकार्पण किया. ‘पल्लव’ विद्यार्थियों की साहित्यिक, रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा का सुंदर प्रतिबिंब है.
इसके पश्चात् विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया. ‘एक्सप्लोरिंग द वर्ल्ड ऑफ ऑक्युपेशन्स’, ‘सिम्फनी ऑफ इंस्पिरेशन’,‘मेहनत के पंख, सफलता की उड़ान’,‘रिदम्स ऑफ इंडिया’,‘डिवाइन एरास’,‘हार्मनी बियॉन्ड वर्ड्स’तथा ‘शिव तांडव’जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी. मंच संचालन शिक्षिका इशिका कुमारी एवं मनीषा सिन्हा ने किया. अंत में वरिष्ठ शिक्षक चंद्रशेखर ने आभार ज्ञापन किया और शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ.







