जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित वीर कुंवर सिंह चौक के पास मलिक प्लाइवुड एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड में चोरी की वारदात सामने आई है. चोरों ने दुकान को निशाना बनाकर करीब एक लाख रुपये नकद समेत लैपटॉप, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और एक सोने का सिक्का चोरी कर लिया. घटना के बाद दुकान संचालक ने जुगसलाई थाना पुलिस को सूचना दी. बताया जा रहा है कि दो युवक स्कूटी से दुकान के पास पहुंचे थे. इसके बाद दोनों छत पर चढ़े और सीढ़ियों के रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुए. दुकान में घुसने के बाद दोनों ने नकदी और कीमती सामान की तलाश की और चोरी करने के बाद स्कूटी से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दुकान के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में दो युवकों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किस रास्ते से छत तक पहुंचे और चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.




