जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर में चोरों ने महज 15 मिनट के भीतर एक घर को निशाना बनाकर मोबाइल फोन, नकदी और सोने के गहने चोरी कर लिए. घटना जवाहरनगर नेचर पार्क के ठीक सामने स्थित मीणा कैंपस की है. पीड़ित मोहम्मद रईस ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है. जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे मोहम्मद रइस नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले थे. करीब 15 मिनट बाद जब वह वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला. अंदर जाने पर अलमारी समेत घर का सामान बिखरा पड़ा था और कई अलमारियां खुली हुई थीं. जांच करने पर चोरी का पता चला. (नीचे भी पढ़ें)

रइस के मुताबिक, चोर घर से एक मोटोरोला और एक जियो फोन, करीब 20 हजार रुपये नकद और सोने के गहने लेकर फरार हो गए. परिवार के अन्य सदस्य फिलहाल बिहार के सिवान गए हुए हैं और रइस घर में अकेले थे. परिवार के सदस्यों के वापस लौटने के बाद ही चोरी हुए अन्य सामान और गहनों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी. फिलहाल चोरी की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.




