जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-13 के पास रविवार रात विसर्जन जुलूस के दौरान रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. इस दौरान एक पक्ष की ओर से चापड़ से हमला किए जाने की सूचना है, जिसमें तीन लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान जय कुमार यादव, सोनू यादव और कुंभ यादव के रूप में हुई है. जय कुमार के चेहरे पर चापड़ से चोट लगी है और उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. वहीं सोनू यादव और कुंभ यादव को इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, काशीडीह से विसर्जन जुलूस गुजर रहा था. इसी दौरान शुभम नामक युवक ने जुलूस के आगे जाने के लिए रास्ता मांगा. इसी बात को लेकर जुलूस में मौजूद कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया और उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद शुभम ने इसकी जानकारी बस्ती के युवकों को दी, जिसके बाद कई युवक मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट शुरू हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि इसी दौरान सौरभ पंचकुंडीय, रोहित और रिंकू समेत कुछ लोगों ने चापड़ से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हुए. हालांकि, पूरे घटनाक्रम और आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल पर क्यूआरटी की तैनाती की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.




