गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर चौक पर रविवार शाम दो कारों की टक्कर में नौ लोग घायल हो गये. घायलों में संतोष मन्ना (50) और सीता हेंब्रम (38) को गंभीर चोट लगने पर एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. जानकारी के अनुसार, ओडिशा के खोड़दा मातानी बारीपदा से नौ लोग शादी के सिलसिले में गालूडीह निवासी समीर गिरी के घर लड़की देखने आये थे. शादी की बातचीत पूरी होने के बाद सभी कार संख्या डब्ल्यूबी 49 सी 7381 से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान जगन्नाथपुर चौक के पास डिवाइडर की ओर से आ रही कार संख्या जेएच 10 सीडी 3500 से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गयी. (नीचे भी पढ़े)
आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सक डॉ मुगली हांसदा और सुप्रिया कुमारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. संतोष मन्ना के पैर में गंभीर चोट लगी, जबकि सीता हेंब्रम की कमर में चोट आयी. दोनों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. विनोद सिंह (47) के पीठ और पेट में चोट लगी है. बंकिम गिरी (71), शरत गिरी (81) और मिलन पात्रो (73) के हाथ-पैर में चोट आयी है. अन्य घायलों में बंकिम गिरी (35), आलोक गिरी और विश्वजीत बेरा शामिल हैं. बिपिन शर्मा को परिजन इलाज के लिए ब्रह्मानंद अस्पताल ले गये. पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.




