जमशेदपुर : नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार पारडीह से बालिगुमा तक विशेष अभियान चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी एवं डीएसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नेशनल हाईवे के किनारे एवं सड़क क्षेत्र में अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई. अभियान में रोड सेफ्टी टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी रही. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों की जांच की गई तथा संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 45 वाहन संचालकों से 2.5 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया. नेशनल हाईवे या अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात परिचालन प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध पार्किंग के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. वाहन संचालकों व चालकों से अपील है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा नेशनल हाईवे एवं सड़क के किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा न करें. यातायात नियमों का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.







