जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित गुलमोहर स्कूल में मंगलवार को छत का प्लास्टर गिरने से छठी कक्षा का 11 वर्षीय छात्रा उत्तलिका घोष घायल हो गयी. हादसे में छात्रा के सिर में चोट लगी. वहीं दो अन्य छात्रों को भी हल्की चोट लगी थी. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्कूल प्रबंधन की ओर से तत्काल घायल छात्रा को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार किया गया. वहीं दो अन्य छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, उत्तलिका घोष स्कूल में कक्षा छह में पढ़ाई करती है. इसी दौरान अचानक स्कूल की छत का एक प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उसके सिर में चोट लगी. घटना के बाद शिक्षक और स्कूल कर्मचारियों ने तत्काल छात्र को संभाला और अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन भी टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे. उत्तलिका घोष लक्ष्मी नगर की रहने वाली है. उसके पिता उत्तम कुमार घोष टाटा मोटर्स में कर्मचारी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने अस्पताल में छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी ली. हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से भवन की छत समेत अन्य हिस्सों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. घटना की जानकारी टेल्को थाना पुलिस को भी दी गई है.


















