रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर/बंदगांव: मुंडारी भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग को लेकर आदिवासी समिति बंदगांव के तत्वावधान में 16 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे बंदगांव बाजार मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी.आयोजन समिति के अनुसार, जनसभा में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी मुंडारी भाषा प्रेमी, सामाजिक प्रतिनिधि एवं समर्थक शामिल होंगे.(नीचे भी पढ़े)
आयोजकों ने कहा कि मुंडारी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, लोकगीत, लोककथा और इतिहास की महत्वपूर्ण विरासत है. जनसभा के माध्यम से मुंडारी भाषा को संवैधानिक सम्मान दिलाने की मांग को व्यापक रूप से उठाया जाएगा.समिति ने माता-बहनों, युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, साहित्यकारों, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और भाषा प्रेमियों से बड़ी संख्या में बंदगांव पहुंचने की अपील की है.




