जमशेदपुर : झारखण्ड प्रदेश की लौहनगरी जमशेदपुर, जिसे खेल नगरी के नाम से जाना जाता है, ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी पहचान दर्ज कराई है. राजस्थान के जयपुर में योगा फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में 3 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित 51वीं सब जूनियर्स एवं जूनियर्स योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में जमशेदपुर के युवा खिलाड़ी एवं योगा के उभरते सितारे साहब कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर ग्रुप‑बी में तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक जीता. यह झारखण्ड प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है कि साहब कुमार इस प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले प्रदेश के एकमात्र खिलाड़ी रहे. उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लगातार अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. साहब कुमार की इस उपलब्धि में उनके परिवार का विशेष सहयोग रहा है.(नीचे भी पढ़े)

उनकी माता रिंकी देवी और पिता राजू सिंह (महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी कदमा मंडल) ने उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया. देर रात साहब कुमार जयपुर से जमशेदपुर लौटे, जहां उनके निवास स्थान रानीकुदर में उनका भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नंद जी प्रसाद तथा हिन्द क्लब रानीकुदर के सभी सदस्य उपस्थित रहे. ढोल‑नगाड़ों के साथ साहब कुमार का अभिनंदन किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।. लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इज़हार किया. इस स्वागत समारोह में हिन्द क्लब के वरिष्ठ सदस्य निरंजन कुमार पांडेय, पारस कुमार दुबे, अमित कुमार, रमाकांत सिंह, दिलीप सिंह, संजय केशरी, राजु गुप्ता, पीला गणेश, रोहित कुमार, अनिमेष, आशुतोष, निखिल, कुणाल, आदर्श, आलोक, प्रिंस, विकास, भोला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.




