जमशेदपुर: विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय 37वीं क्षेत्रीय खेलकूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता–2026 का शुक्रवार को टेल्को स्थित सुमंत मुसलगांवकर स्टेडियम में भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्या विकास समिति, झारखंड ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया. समापन समारोह का शुभारंभ विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्मा जी राव, विद्या भारती शिक्षा संस्थान के प्रदेश मंत्री डॉ. बृजेश कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी कोच मंजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने हनुमान जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया.(नीचे भी पढ़े)

इसके बाद हनुमान जी की आरती एवं वंदना हुई. विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया. विद्यालय की बहन राजलक्ष्मी ने एकल गीत प्रस्तुत कर समारोह में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया. मुख्य अतिथि ब्रह्मा जी राव ने कहा कि विद्या भारती की शिक्षा पद्धति भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों पर आधारित है. विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शारीरिक शिक्षा की महत्त्वपूर्ण भूमिका है. खेलकूद से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं. स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है.डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि क्षेत्रीय प्रतियोगिता में सफल खिलाड़ी आगामी नवंबर में जबलपुर में आयोजित अखिल भारतीय खेलकूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता में भाग लेंगे. उन्होंने खिलाड़ियों से अर्जुन की तरह लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रता, दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
समारोह के अंतिम चरण में अंतरराष्ट्रीय हॉकी कोच मंजीत सिंह ने प्रतियोगिता के ध्वज का अवतरण किया. इसके बाद प्रदीप कुमार कुशवाहा ने ध्वज को ससम्मान ग्रहण किया. इस प्रक्रिया के साथ प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा हुई. अंत में प्रदीप कुमार कुशवाहा ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, आयोजकों, सहयोगियों, आचार्यों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. शांति मंत्र एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ समारोह संपन्न हुआ.यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने तथा उनमें अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना विकसित करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल साबित हुई.




