जमशेदपुर : टाटा मोटर्सकर्मी सुबोध पात्र की मौत के बाद मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. मजदूर नेता बंटी सिंह के नेतृत्व में मृतक के परिजनों और समर्थकों ने टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से वार्ता के लिए कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा. (नीचे भी पढ़ें)

मजदूर नेता बंटी सिंह ने प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मृतक के परिजन अपनी मांगों को लेकर सड़क पर बैठे हैं, लेकिन प्रबंधन बातचीत तक करने को तैयार नहीं है. यह बेहद निराशाजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जब तक मृतक के परिवार की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, प्रदर्शन स्थल पर टेल्को थाना पुलिस की भूमिका को लेकर भी प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखी गई. लोगों का आरोप है कि पुलिस कर्मी आंदोलन कर रहे महिलाओं और अन्य लोगों को वहां से हटने तथा प्रदर्शन समाप्त करने की बात कह रहे थे. इसको लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मी के बीच नाराजगी की स्थिति उत्पन्न हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
उधर, बंटी सिंह ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रबंधन ने जल्द वार्ता नहीं की तो 24 नवंबर से टाटा मोटर्स के तीनों गेट मुख्य गेट, साउथ गेट और कैंटीन गेट को जाम किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा. फिलहाल दूसरे दिन भी प्रदर्शनकारी मुख्य गेट पर डटे रहे. अब देखना होगा कि तीनों गेट जाम करने की चेतावनी के बाद कंपनी प्रबंधन क्या कदम उठाता है.















