जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता का 93 वर्ष की आयु में रविवार देर रात निधन हो गया. उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों एवं पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है. सोमवार को जमशेदपुर में अत्यंत भावुक वातावरण के बीच उनका अंतिम संस्कार भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर संपन्न हुआ. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने उन्हें मुखाग्नि दी. इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.(नीचे भी पढ़े)

अर्जुन मुंडा का अपनी माताजी के साथ अत्यंत गहरा, आत्मीय और भावनात्मक संबंध रहा है. माताजी उनके जीवन में केवल ममता और स्नेह की प्रतिमूर्ति ही नहीं, बल्कि संस्कार, प्रेरणा और आशीर्वाद का सबसे बड़ा आधार भी थीं. सार्वजनिक जीवन की तमाम व्यस्तताओं एवं बड़ी जिम्मेदारियों के बावजूद अपनी माताजी के प्रति उनका आदर, समर्पण और आत्मीय लगाव सदैव बना रहा. जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण पड़ाव पर माताजी का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए संबल रहा.93 वर्षों की लंबी जीवनयात्रा पूर्ण कर माताजी का इस संसार से विदा होना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. मां का जाना जीवन से उस ममतामयी छांव का उठ जाना है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती. (नीचे भी पढ़े)

अंतिम विदाई के क्षणों में उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं और वातावरण शोकाकुल था.इस दुखद अवसर पर देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दूरभाष के माध्यम से अर्जुन मुंडा से बातचीत कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की.(नीचे भी पढ़े)

जमशेदपुर में आयोजित अंतिम संस्कार में झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो, खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा, पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, पूर्व सांसद कृष्णा मार्डी, पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री रविंद्र राय, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, खरसावां के पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह, घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार, आदित्यपुर के उप महापौर अंकुर सिंह एवं पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, गोपाल कृष्ण पातर पूर्व मंत्री, झारखंड, कुणाल षाड़ंगी, पूर्व विधायक बहरागोड़ा, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की.(नीचे भी पढ़े)

भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारियों में संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जमशेदपुर ग्रामीण अध्यक्ष सत्या तिवारी, चाईबासा की भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू तथा सरायकेला-खरसावां के भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान एवं खूंटी के भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. औद्योगिक एवं व्यावसायिक जगत से टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीवी सुंदररामम, जमशेदपुर के उद्यमी आरके अग्रवाल, चाईबासा के उद्यमी आर शाह, जमशेदपुर के उद्यमी एसके बेहरा, दिलीप गोयल, आदित्यपुर के उद्यमी इंद्र अग्रवाल, प्रणव कुमार, एचआर हेड, टाटा मोटर्स, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह, यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद तथा इंटक से जुड़े श्रमिक नेता राकेश्वर पांडेय ने भी उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की.(नीचे भी पढ़े)

इसके अतिरिक्त भारत मुंडा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एतवा मुंडा, ओडिशा से भारत मुंडा समाज के रविंद्र सिंह मुंडा एवं नाथो सिंह मुंडा, सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी जेबी तुबिद, रांची के वरीय चिकित्सक डॉ. एसके पाल, विक्टर सोरेन जिलाअध्यक्ष झामुमो जमशेदपुर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक, चिकित्सा एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने दिवंगत माताजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए.(नीचे भी पढ़े)

अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत माताजी के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए अर्जुन मुंडा एवं उनके परिजनों को सांत्वना दी. सभी ने ईश्वर से पुण्यात्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.मां केवल जन्म देने वाली नहीं होती, बल्कि जीवनभर निस्वार्थ प्रेम, त्याग, संस्कार और आशीर्वाद की वह अमूल्य धरोहर होती है, जिसकी स्मृतियां कभी समाप्त नहीं होतीं. मां के आंचल की छांव भले ही आंखों से ओझल हो जाए, लेकिन उसकी ममता, सीख और आशीर्वाद जीवनभर साथ रहते हैं.अर्जुन मुंडा के जीवन में उनकी पूजनीय माताजी का स्नेह,आशीर्वाद और उनके द्वारा दिए गए संस्कार सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे.















