जमशेदपुर : सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया. इस दौरान पूरा शहर ‘नानक आया, नानक आया, कलि तारण गुरु नानक आया’ के आध्यात्मिक और भक्तिमय स्वर से गूंज उठा. नगर कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, भाईचारे, मानवता, समानता और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की रहनुमाई, पांच सिंह साहिबान की अगुवाई तथा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आयोजन में नगर कीर्तन सुबह साढ़े 11 बजे सोनारी गुरुद्वारा साहिब से सर्वकल्याण की अरदास के साथ शुरू हुआ. नगर कीर्तन सर्किट हाउस, टाटा स्टील यूआइएसएल गोलचक्कर (पूर्व में जुस्को गोलचक्कर), कीनन स्टेडियम और साकची गोलचक्कर होते हुए शाम को साकची गुरुद्वारा पहुंचेगा. पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान थे. पालकी साहिब की सेवा सूरज ऑटोमोबाइल के विरदी परिवार की ओर से की गयी. (नीचे भी पढ़ें)

नगर कीर्तन में सबसे आगे सिख मार्शल आर्ट की गतका टीमें अपने हैरतअंगेज करतब दिखाती चल रही थीं. इसके पीछे गुरुद्वारा कमेटी द्वारा संचालित धार्मिक विद्यालयों, मिडिल स्कूल और हाई स्कूल के बच्चे अनुशासित ढंग से ड्रिल करते हुए तथा गुरबाणी का गायन करते हुए चल रहे थे. पालकी साहिब के पीछे 30 से अधिक स्त्री सत्संग सभाओं की महिलाएं कीर्तन करती हुई शामिल हुईं. (नीचे भी पढ़ें)

सोनारी गुरुद्वारा में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, मोहन कर्मकार, उदित अग्रवाल, कुणाल सारंगी, परविंदर सिंह और सुबोध श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोगों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर गुरु पर्व की बधाई दी. (नीचे भी पढ़ें)

नगर कीर्तन के मार्ग में खालसा क्लब, रामगढ़िया सभा समेत विभिन्न सामाजिक एवं सिख संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए. आयोजन को सफल बनाने में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह तोते, सोनारी गुरुद्वारा के प्रधान बलबीर सिंह गिल सहित कई पदाधिकारी और संगत के सदस्य जुटे रहे. (नीचे देखें तस्वीर)



















