आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप सोमवार देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. अचानक चली गोलियों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)
सूत्रों के अनुसार फायरिंग के दौरान 22 वर्षीय राजवीर सिंह को गोली लग गई. घायल अवस्था में उसे तत्काल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार अपराधकर्मी संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि हमलावर ने आशीष को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन गोली राजवीर को जा लगी. घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.







