आदित्यपुर : सरायकेला एवं जमशेदपुर को जोड़ने वाले खरकई नदी पर बने पुराने पुल पर शनिवार दोपहर करीब 12: 30 बजे अनियंत्रित बाईक सवार ने आदित्यपुर की ओर से आ रहे स्कूटी सवार को बुरी तरह से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. इस घटना में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है साथ ही स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है. घटना के बाद स्कूटी सवार काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा मगर आते- जाते राहगीर तमाशबीन बने रहे. इसी दौरान उक्त मार्ग से अपनी बेटी को स्कूल से लाने जा रहे स्थानीय पत्रकार की नजर घायल युवक पर पड़ी. (नीचे भी पढ़ें)
पत्रकार ने तत्काल बिष्टुपुर खरकई चेकपोस्ट पर तैनात पीसीआर को सूचित किया और स्कूली बच्चों के सहयोग से घायल को पीसीआर वैन में बैठाकर टीएमच भिजवाया. घायल युवक के विषय में ज्यादा जानकारी हासिल नहीं हो सकी है. मिली जानकारी के अनुसार घायल स्कूटी सवार आदित्यपुर एमपी टॉवर का रहनेवाला बताया जा रहा है. फिलहाल यह तय नहीं हो सका है कि घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र का है या बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का. वैसे युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है.




