
Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस ने बीती रात भाटिया बस्ती में हथियार के साथ दबोचे गए तीन अपराधकर्मियों सुषेन गोस्वामी, आकाश बहादुर और रूपलाल लोहार को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, तीन मोबाईल और एक मोटरसायल बरामद किया है. गौरतलब है, कि बीती रात आदित्यपुर थाना अंतर्गत भाटिया बस्ती में कुछ अपराधी हथियार लेकर गुरूदेव नायक के साथ मारपीट करने पहुंचे थे. जिसकी सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जहां पुलिस को देखते ही सभी अपराधी भागने लगे. इसी क्रम में तीनों अपरधकर्मी पुलिस के हत्थे चढ़ गए. जानकारी देते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधी रूपलाल लोहार के बहनोई का बस्ती के किसी युवक के साथ विवाद चल रहा था, उसी के बदला लेने के उद्देश्य से सभी वहां पहुंचे थे. फिलहाल पुलिस इनके आपराधिक इतिहास खंगाल रही है.







