आदित्यपुर: आदित्यपुर- 01 के मार्ग संख्या-16 निवासी काशीनाथ सिंह का आज अपराह्न लगभग 3.30 बजे उनके आवास पर निधन हो गया. वे लगभग 70 वर्ष के थे तथा अपने पीछे भरा- पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार कल प्रातः समय पार्वती घाट पर होगा. इस हेतु कल प्रातः 9 बजे उनके आवास से शव यात्रा निकाली जायेगी. मिली जानकारी के अनुसार, मृदुभाषी और व्यवहार कुशल माने जाने वाले स्व सिंह विगत कुछ समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे तथा हैदराबाद (तेलंगाना) में उनका उपचार चल रहा था. स्व सिंह को आज ही एयर एंबुलेंस के द्वारा हैदराबाद से आदित्यपुर लाया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
उल्लेखनीय है कि अलग- अलग पदों पर रहने के बाद स्व सिंह लघु उद्योग भारती के प्रान्तीय अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं. साथ हीं उन्हें नरेन्द्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में केन्द्रीय एमएसएमई बोर्ड, भारत सरकार के सदस्य भी बनाया गया था. लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने स्व सिंह के निधन पर संवेदना जताया है. इसरो की टीम ने भी स्व सिंह के निधन पर संवेदना जताया है. अध्यक्ष रूपेश कतरियार के नेतृत्व मे इसरो की टीम स्व सिंह के आवास पर पहुंची तथा परिजनों से मुलाकात की. आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद अजय सिंह, लघु उद्योग भारतीय के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नन्द कुमार सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हंसराज जैन, रमण सिंह, पंकज कुमार आदि ने स्व सिंह के निधन पर संवेदना जताया है.



