
जमशेदपुर : कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप ने अब झारखंड को भी डरने-सहमने के लिए मजबूर कर दिया है. पड़ोसी राज्य बिहार में कोरोना वायरस से एक युवक की मौत ने झाारखंड में भी सबों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. इस खबर से सूबे के लोग सहमे हुए हैं. जानकारी के अनुसार पटना एम्स में सैफ अली नामक युवक को भर्ती कराया गया था. वह कतर से आया था. उसकी मौत के बाद पता चला कि कोरोना वायरस से उसकी मौत हुई है. इस वजह से बिहार राज्य प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है. दूसरी ओर देखा जाये, तो झारखंड में कतर समेत खाड़ी देश व अन्य देशों से आनेवालों की संख्या कम नहीं है. हालांकि राज्य सरकार व प्रशासनिक स्तर पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है. हेल्प डेस्क बनाने के साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किये गये हैं. लोगों को जागरूक किया जा रहा है. बावजूद पड़ोसी राज्य की घटना को लेकर राज्य में लोग सहमे हुए हैं. हालांकि अभी तक राज्य में एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है.






