
जमशेदपुर : अल्पसंख्यक विद्यालयों पर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार मेहरबान है। शिक्षा विभाग में माध्यमिक अल्पसंख्यक एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए वेतन आदि के भुगतान के लिए अतिरिक्त राशि का आवंटन किया है। पहले जहां अल्पसंख्यक विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष का वेतन आदि का भुगतान अक्टूबर अथवा नवंबर के महीने में होता था, वहीं हेमंत सोरेन की सरकार के कार्यकाल में मार्च महीने में ही वेतन आदि का भुगतान के लिए राशि आवंटित कर दी गई थी।
अलग राज्य निर्माण के बाद वित्तीय वर्ष 2020 एवं 2021 में शिक्षकों को नियमित रूप से वेतन का भुगतान हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने अल्पसंख्यक एवं सहायता प्राप्त उच्च विद्यालयों के लिए तेंतालिस करोड़ अड़तालिस लाख संतानबे हज़ार रुपए की राशि का अतिरिक्त आवंटन किया है तथा राज्य के सभी जिलों के लिए राशि का बंटवारा कर दिया है।
निदेशक ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि मानक मंडल पर आधारित स्वीकृत पद एवं सरकार द्वारा अनुमोदित वरीय वेतनमान के आधार पर शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का वेतन भुगतान प्रत्येक महीने की 5 तारीख से पहले कर दिया जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची जिला को नौ करोड़ सड़सठ लाख इकतालीस हजार, खूंटी जिला के लिए तीन करोड़ ग्यारह लाख तेंती स हजार, जमशेदपुर के लिए सात करोड़ सताइस लाख रूपए एवं चाईबासा जिला के लिए दो करोड़ पैंसठ लाख चवालिस हजार रुपए का आवंटन हुआ है।
प्रदेश अल्पसंख्यक माध्यमिक शिक्षक संघ के सह सचिव रमेश कुमार ने दूसरी किस्त जारी करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मानव संसाधन मंत्री जगन्नाथ महतो एवं मानव संसाधन विकास विभाग के सचिव के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं सह सचिव रमेश कुमार ने उम्मीद जाहिर की है कि माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के अनुमोदन का इंतजार कर रहे शिक्षकों की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।






