बोकारो: कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए देश भर में मंगलवार को इससे निपटने की तैयारी को लेकर सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में मॉक ड्रिल किया गया. इसी क्रम में बोकारो जिले में 12 अस्पतालों में इसका मॉक ड्रिल किया गया. जिसमें 2 निजी अस्पताल और 9 सरकारी और एक बोकारो जेनरल अस्पताल शामिल रहा. इसको लेकर सभी अस्पतालों में दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी. चास सदर अस्पताल में चास अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और प्रभारी सिविल सर्जन डॉ एसके मिश्रा मॉक ड्रिल के समय मौजूद रहे. पूरी तैयारियों का जायजा लिया.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान मरीज की जांच और गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती करने पर उसकी व्यवस्था भी देखने का काम किया. अनुमंडल पदाधिकारी ने पीएसए प्लांट का भी निरीक्षण किया. चास अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि कोरोना के दूसरे वेब के दौरान जिस प्रकार की तैयारी थी उस तैयारी को फिर से एक बार शुद्ध करने का काम किया जा रहा है. बोकारो जिले में सभी तरह की तैयारी संभावित खतरे को देखते हुए कर ली गई है. मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर बेड में ही पाइपलाइन के द्वारा प्लांट से ऑक्सीजन की आपूर्ति करने की व्यवस्था की गई है.



