
रांची/जमशेदपुर : सीबीआइ ने गुरुवार की सुबह देश भर के 19 स्थानों पर जेइइ मेंस परीक्षा 2021 में घोटाला करने और लोगों को पास कराने के नाम पर 15 लाख रुपये तक घूस लेने के मामले की गयी छापामारी में बड़ी सफलता मिली है. यह बातें सामने आयी है कि झारखंड के जेइइ-मेंस के आवेदकों को पास कराने और परीक्षा सेंटर के अलावा एनआइटी में दाखिला का काम आदित्यपुर के आरआइटी थाना क्षेत्र के बाबाकुटी निवासी सोनू ठाकुर ही करता था. वहां भी पुलिस ने गुरुवार को इसी मामले में छापामारी की थी. एफिनिटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में यह छापामारी की गयी थी, जिसके तहत पुणे, जमशेदपुर (आदित्यपुर), इंदौर, बंगलुरु समेत 19 स्थानों पर छापामारी की गयी थी. इस छापामारी के दौरान यह बातें सामने आयी है कि एफिनिटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उनके निदेशक विश्वंभरमणि त्रिपाठी, सिद्धार्थ कृष्णा, गोविंद वार्ष्णेय अपने दलालों और सहयोगियों और परीक्षा केंद्रों में तैनात कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से जेइइ परीक्षा में हेराफेरी करते थे. सीबीआइ के मुताबिक, ऑनलाइन परीक्षा में हेराफेरी की जाती और एनआइटी के टॉप कॉलेज में दाखिला कराने वाले छात्रों से 12 से 15 लाख रुपये वसूले जाते थे. यह खुलासा हुआ है कि हरियाणा के सोनीपत में एक चुने हुए परीक्षा केंद्र से रिमोट एक्सेस द्वारा आवेदकों के सवालों का हल वे लोग करते थे. वे लोग छात्रों से सुरक्षा के तौर पर 10वीं और 12वीं परीक्षा का मार्कशीट, पासवर्ड, यूजर आइडी लेते थे और पोस्ट डेटेड चेक लेते थे. 12 से 15 लाख का चेक लिया जाता था, जो परीक्षा पास होने के बाद चेक को क्लियर कराया जाता था. जांच में यह खुलासा हुआ है कि आदित्यपुर के सोनू ठाकुर आदित्यपुर स्थित एनआइटी में दाखिला कराने से लेकर जमशेदपुर और आसपास के सारे परीक्षा केंद्रों को मैनेज करने का काम करता था. सीबीआइ ने अधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि दिल्ली एवं एनसीआर, पुणे, जमशेदपुर, इन्दौर और बंगलौर सहित 19 स्थानों पर आज तलाशी की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. सीबीआइ ने 25 लैपटॉप, 7 कंप्यूटर, विभिन्न छात्रों के पीडीसी एवं अंकपत्र सहित भारी भरकम आपत्तिजनक दस्तावेज और डिवाइसेस के साथ लगभग 30 पोस्ट डेटेड चेक बरामद हुए है. लैपटॉप और कंप्यूटर से लेकर तमाम दस्तावेजों से कई जानकारी हासिल होगी. सीबीआइ ने कहा है कि अभी जांच की जा रही है.




